क्रिसमस और सांता क्लॉज़ का तोहफा: मंजरी शुक्ला

आज दुनिया के दिल में हो दुनियावालों के लिए प्यारये दिन और साल का हर दिन बने खुशियों का त्योहारक्यों ना भूल जाएं आज हम सब अपने-अपने गमक्रिसमस है दहलीज पर, करते हैं इसको वेलकम...

Merry Christmas

क्रिसमस एक ऐसा त्यौहार है जिसे शायद दुनिया के सर्वाधिक लोग पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। आज यह त्यौहार विदेशों में नहीं बल्कि भारत में भी समान जोश के साथ मनाया जाता है। भारत की विविधतापूर्ण संस्कृति के साथ क्रिसमस का त्यौहार भी पूरी तरह घुल-मिल गया है। सदियों से यह त्यौहार लोगों को खुशियां बांटता और प्रेम और सौहार्द की मिसाल कायम करता रहा है। यह त्यौहार हमारे सामाजिक परिवेश का प्रतिबिंब भी है, जो विभिन्न वर्गों के बीच भाईचारे को मजबूती देता आया है। क्रिसमस का अर्थ मानव मुक्ति और समानता 
है। बाइबिल के अनुसार, ईश्वर ने अपने भक्त याशायाह के माध्यम से 800 ईसा पूर्व ही यह भविष्यवाणी कर दी थी कि इस दुनिया में एक राजकुमार जन्म लेगा और उसका नाम इमेनुएल रखा जाएगा। इमेनुएल का अर्थ है ‘ईश्वर हमारे साथ‘। याशायाह की भविष्यवाणी सच साबित हुई और यीशु मसीह का जन्म इसी प्रकार हुआ।
बालक यीशु के जन्म की सबसे पहली खबर इस दुनिया के सबसे निर्धन वर्ग के लोगों को मिली थी। वे कड़ी मेहनत करने वाले गड़रिये थे। सर्दी की रात जब उन्हें यह खबर मिली तो वे खुले आसमान के निचे खतरों से बेखबर सोती हुई अपनी भेड़ों की रखवाली कर रहे थे। एक तारा चमका और स्वर्ग-दूतों के दल ने गड़रियों को खबर दी कि तुम्हारे बीच एक ऐसे बालक ने जन्म लिया है, जो तुम्हारा राजा होगा। पूरी दुनिया के गरीब यह खबर सुनकर जहां खुश हुए, वहीं गरीबों पर जुल्म करने वाला राजा हेरोदेस नाराज हो गया। उसने अपने राज्य में 2 वर्ष की उम्र तक के सभी बच्चों को कत्ल करने का आदेश जारी कर दिया, ताकि उसकी सत्ता को भविष्य में किसी ऐसे राजा से खतरा न रहे। अच्छाई को देखकर बुराई करने वाले इसी तरह दुखी और नाराज होते हैं। यही शैतानियत का प्रतीक है। ईसा मसीह इसी शैतानियत को खत्म करने के लिए आए थे।ईसा मसीह ने मानव के रूप में जन्म लेने के लिए किसी संपन्न व्यक्ति का घर नहीं चुना। उन्होंने एक गरीब व्यक्ति के घर की गोशाला में घास पर जन्म लिया। दरअसल, वे गरीब, भोले-भाले और शोषित व पीड़ित लोगों का उद्धार करने आये थे। इसीलिए उन्होंने जन्म से ही ऐसे लोगों के बीच अपना स्थान चुना। यह बहुत बड़ा संदेश था।

30 वर्ष की आयु में ईसा मसीह ने सामाजिक अव्यवस्था 
के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने जनता को दीन-दुखियों और लाचारों की सहायता करने, प्रेमभाव से रहने, लालच न करने, ईश्वर और राज्य के प्रति कर्तव्यनिष्ठ रहने, जरूरतमंद की जरूरत पूरी करने, आवश्यकता से ज्यादा धन संग्रह न करने का उपदेश दिया। आज ईसा मसीह के दिए हुए संदेशों की प्रासंगिकता बहुत ज्यादा है, क्योंकि भले ही सामाजिक बुराइयों ने अपना रूप बदल लिया हो, लेकिन वे आज भी समाज में विद्यमान हैं और गरीबों, लाचारों, शोषितों, पीड़ितों और दलितों को उनका शिकार होना पड़ता है।

ईसा मसीह ने समाज को समानता का पाठ पढ़ाया था। उन्होंने बार-बार कहा कि वे ईश्वर के पुत्र हैं और भले ही इस दुनिया में क्रूरता, अन्याय और गैर-बराबरी जैसी अनेक बुराइयां हैं, पर ईश्वर के घर में सभी बराबर हैं। उन्होंने ऐसा ही समाज बनाने पर जोर दिया, जिसमें क्रूरता व अन्याय की जगह न हो और सभी प्रेम और समानता के साथ रहें। ऐसी ही एक कहानी बाइबिल में आती है, जो एक सामरी संप्रदाय की स्त्री की है। जब ईसा मसीह ने उससे पीने के लिए पानी मांगा तो स्त्री ने कहा कि तू यहूदी होकर मुझ सामरी स्त्री से पानी क्यों मांगता है? दरअसल, यहूदी लोग सामरियों के साथ किसी प्रकार का व्यवहार नहीं रखते थे और उन्हें कमतर मानते थे। लेकिन ईसा ने उसके हाथ का पानी पिया। ईसा मसीह ने दलित, दमित और असहाय लोगों को आशा और जीवन का संदेश दिया। उन्होंने अपना पूरा जीवन मानव कल्याण में लगाया। यही वजह थी कि उन्हें क्रॉस पर मृत्युदंड भी दिया गया। लेकिन दूसरों के हित में काम करने वाले मृत्युदंड से कब भयभीत हुए हैं।


क्रिसमस का त्यौहार कई चीजों के लिए खास होता है जैसे क्रिसमस ट्री, स्टार, गिफ्टस आदि। और हां, कई लोग मानते हैं क्रिसमस के दिन सांता क्लॉज बच्चों को उपहार देता है। सांता क्लॉज को याद करने का चलन 4वीं शताब्दी से आरंभ हुआ था और वे संत निकोलस थे जो तुर्किस्तान के
मीरा नामक शहर के बिशप थे। सांता क्लाज़ लाल व सफेद ड्रेस पहने हुए, एक व्रद्ध मोटा पौराणिक चरित्र है, जो रेन्डियर पर स्वार होता है तथा समाराहों में, विशेष कर बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
क्रिसमस  उम्मीदों और खुशियों का त्यौहार है। ईसा मसीह का जीवन और उनके उपदेश आज भी इसलिए प्रासंगिक हैं, क्योंकि आज भी अमीरी-गरीबी, जातिवाद और सामाजिक विसंगतियां समाज में मौजूद हैं। जब हम अपने आसपास नजर डालेंगे और गरीब व लाचार लोगों के दुख-दर्द को समझेंगे और ईसा मसीह की तरह अपनी कोशिशों से उनके चेहरे पर थोड़ी-सी मुस्कान लाएंगे, तभी हमें क्रिसमस की वास्तविक खुशियां मिलेंगी।
बहुत समय पहले की बात हैं। एक गाँव में एक बूढ़ी औरत मारिया अपने दस वर्ष के पोते जॉर्ज के साथ रहती थी। उसने अपने बाग़ में ढेर सारे फूल जैसे चंपा, जूही, गुलाब, गेंदा, आईरिस, गुलमोहर और आर्किड लगा रखे थे और एक छोटा सा तालाब भी बनाया था जिसमें हल्के लाल और सफ़ेद रंग के कमल के फूल खिले रहते थे।
वह दिन भर बहुत मेहनत से बगीचे की देखभाल करती और सभी फूलों को अपने बच्चों की तरह प्यार करती जिसकी वजह से उसका बगीचा इन खूबसूरत फूलों से महका करता था। जॉर्ज को भी अपनी दादी की तरह फूलों से बहुत प्यार था और वह घंटों जाकर फूलों से ढेर सारी बातें करता।
जार्ज के मम्मी-पापा बचपन में ही एक कार एक्सीडेंट में गुज़र गए थे, इसलिए उसे जब भी उनकी याद आती तो वह बगीचे में जाकर फूलों को प्यार करने लगता और उनके बीच रहकर अपना दुःख भूल जाता।
जॉर्ज और उसकी दादी बहुत ही साधारण तरह से अपना जीवन जी रहे थे क्योंकि उनके पास आय का कोई साधन नहीं था सिवाये उन बगीचे के फूलों के जिन्हें वे दोनों रोज सुबह चर्च के पास जाकर बेचा करते थे।
इस बार भी सर्दियाँ जब नज़दीक आने लगी तो जॉर्ज मरिया से बोला – “दादी, मेरा कोट जगह जगह से फट गया हैं और मुझे उस कोट में बहुत ठण्ड लगती हैं।”
मारिया की बूढी आँखों में आँसूं छलक उठे और उसने जॉर्ज से छिपकर अपनी आखें पोंछ ली।
पर जॉर्ज ने दादी को रोते हुए देख लिया था इसलिए उसने आगे कुछ नहीं कहा, वह जानता था कि दादी के पास ने कोट खरीदने के पैसे नहीं हैं।
इसलिए जॉर्ज चुपचाप जाकर दादी की कमर में हाथ डालकर लेट गया
और नए कोट के बारे में सोचता हुआ ना जाने कब सो गया। थोड़े दिनों बाद सर्दिया आ गई और फिर एक दिन जॉर्ज ने देखा कि सारा शहर बहुत खूबसूरत लग रहा हैं। दुकानों में जगह जगह झालरें लगी हुई थी ओर रंग बिरंगे रंगीन कागज़ों के सितारें टंगे हुए थे। केक और पेस्ट्री की खुश्बू से सारा बाज़ार महक रहा था। जॉर्ज रोज की तरह आज फिर उस दुकान के आगे रुक गया, जहाँ चार दिन पहले एक बहुत खूबसूरत नीले रंग का कोट टंगा था जो बिलकुल जैसे उसकी ही नाप का बना था।
उसके कदम जैसे उस दुकान से आगे ही नहीं बढ़ रहे थे। दादी ने जब उसका हाथ पकड़ा तो वह उनसे नज़रें चुराकर इधर उधर देखने लगा।
दादी सब समझ गई थी पर इतने महंगे कोट को खरीदने का वह सोच भी नहीं सकती थी, इसलिए उन्होंने जॉर्ज का हाथ आगे बढ़ने के लिए धीमे से अपनी ओर खींचा।
तभी सामने से एक लड़का, जो कि बहुत तेज बाइक चला रहा था, जॉर्ज से आकर टकराया और उसे गिराते हुए खुद भी गिर गया। उस लड़के को तो कुछ नहीं हुआ और वह तुरंत अपनी बाइक उठाकर खड़ा हो गया पर जॉर्ज पत्थरों वाली जमीन पर गिरने से जॉर्ज का माथा और हाथ छिल गया और उनसे खून बहने लगा। दादी खून देखकर बहुत घबरा गई और रोने लगी।
तब तक वहाँ पर कई लोग इकठ्ठा हो गए और उस बाइक वाले लड़के को भला बुरा कहने लगे।
तब तक भीड़ को चीरता हुआ एक सिपाही भी आ गया और बाइक वाले लड़के पर चिल्लाता हुआ उसे अपने साथ ले जाने लगा।
तभी उस लड़के ने जॉर्ज को पलट कर देखा। उस लड़के की आँखों में आँसूं छलछला रहे थे और वह बहुत दुखी लग रहा था।
यह देखकर जॉर्ज अपनी दादी के हाथ का सहारा लेकर उठा और सिपाही से बोला – “उसे मत ले जाइए। उसकी कोई गलती नहीं हैं। मैं ही उसके सामने आ गया था।”
यह सुनते ही सिपाही ने तुरंत उस लड़के को छोड़ा और जॉर्ज के पास आकर गुस्से से बोला – “तुम्हारे कारण बेचारा यह लड़का इतने लोगो से डाँट सुन रहा हैं। आइन्दा संभल कर चलना सड़क पर।”
जॉर्ज ने यह सुनकर सर झुककर हामी भरी और दादी का हाथ पकड़कर
चर्च के सामने जाकर फूल बेचने के लिए बैठ गया।

उसकी दादी बार बार अपने रुमाल से उसका खून पोंछ रही थी।
बाइक वाला लड़का दूर खड़ा सब देख रहा था और थोड़ी देर बाद जॉर्ज और दादी अपने घर की ओर चल दिए।
जॉर्ज का पुराना कोट सड़क पर रगड़ खाने के बाद और फट गया था पर उसने दादी से कुछ नहीं कहा
क्रिसमस के दिन दादी ने रोज की तरह ताजे फूल एक टोकरी में रखे और जॉर्ज से चर्च चलने के लिए कहा।
जॉर्ज ने जब सर्दी में कँपकँपाते हुए अपना बदरंग और फटा हुआ कोट पहना तो दादी की आँखों से आँसूं निकल कर उनके झुर्रीदार चेहरे पर गिर पड़े।
पर जॉर्ज ने मुस्कुराते हुए दादी का हाथ कसकर पकड़ लिया जैसे कुछ हुआ ही नहीं हो।
आज क्रिसमस के कारण बाज़ार में बहुत ज्यादा चहल पहल थी। चर्च की खूबसूरती तो देखते ही बनती थी। सभी बच्चे रंग बिरंगी नई पोशाकों में इधर उधर चहकते हुए घूम रहे थे।
तभी वहाँ पर बच्चों का सबसे प्यार दोस्त सांता क्लॉज़ अपने बड़े से लाल थैले के साथ आया। बच्चें उसे देखकर ख़ुशी से चहक उठे और उसकी तरफ दौड़ पड़े।
सांता क्लॉज़ सभी बच्चों को प्यार कर रहा था और उन्हें टॉफ़िया दे रहा था। थोड़ी देर में सभी बच्चे ख़ुशी ख़ुशी वहाँ से सांता को बाय करके चले गए
सिर्फ जॉर्ज अपनी दादी के साथ बैठा हुआ सांता को टुकुर टुकुर देख रहा था। सांता धीरे धीरे चलता हुआ जॉर्ज के सामने जाकर खड़ा हो गया।

जॉर्ज उसे देखकर मुस्कुरा दिया और उसने एक लाल रंग का बहुत सुन्दर गुलाब सांता की तरफ़ बढ़ा दिया।
सांता बड़े ही प्यार से बोला – “पहली बार किसी बच्चे ने सांता को उपहार दिया।”
और यह कहते हुए सांता ने एक पैकेट जॉर्ज की तरफ बढ़ाया और उसके गालों को चूमकर तेजी से वहॉँ से चला गया।
जॉर्ज ने वह पैकेट खोला तो उसकी आँखें आश्चर्य से फ़ैल गई और वह लगातार उस पैकेट को देखता रहा।
पैकेट के अंदर से वही नीला कोट झाँक रहा था जो वह सड़क पर खड़ा होकर देखता था।ख़ुशी के मारे वह अपने दादी से लिपट गया और जोर जोर से रोने लगा। उसकी दादी भी बार बार अपने आँसूं पोंछते हुए उसे चुप कराने लगी और कुछ दूरी पर बाइक वाला लड़का सांता की ड्रेस पहने हुए उन दोनों को एकटक देख रहा था, जो उसी कोट की दुकान का मालिक था और रोज जॉर्ज को उस कोट को ताकते हुए देखा करता था।
आसमां पर चांद और उसने चांदनी बिखेरी है
तारों ने भी अपनी चादर से आसमां को सजाया है
खुशी और आकांक्षाओं का पैगाम लेकर 
आसमां से जैसे कोई फरिश्ता उतर आया है..